ग्राम पोरोण्डी में 895 लाख 62 हजार रूपए की लागत से बनेगा वृहद पुल
अंतागढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल में स्थित ग्राम सुरेवाही में गुरूवार 26 फरवरी को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग, जिले के कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर अंतागढ़ ए.एस. पैकरा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तर के अधिकारी इस शिविर में मौजूद रहे। शिविर मे 62 आवेदन प्राप्त हुए जिसके विधिवत निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व में माओवाद प्रभावित रहा है, जिसके कारण विकास कार्यों में बाधाएं आईं। मूलभूत सुविधाएं जैसे पुल-पुलिया, सड़क एवं निर्माण कार्य से यह क्षेत्र वंचित रहा, लेकिन अब माओवाद समाप्ति की ओर है। सरकार द्वारा 31 मार्च 2026 तक माओवाद समाप्त करने का संकल्प लिया गया है, इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी। शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है, इसी कड़ी में आज इस सुदूर अंचल में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने विभागों का स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं। यदि किसी को आवेदन देना हो तो वे संबंधित विभाग को दे सकते हैं। आवेदन लिखने के लिए गांव के युवा या सचिव की सहायता भी ली जा सकती है। शिविर में जो भी आवेदन प्राप्त होंगे उनका विधिसम्मत निराकरण किया जाएगा। ग्रामीणों को सलाह देते हुए सांसद नाग ने कहा कि गांव में होने वाले कोई भी सार्वजनिक एवं शासकीय निर्माण कार्यों की निगरानी उसी प्रकार से करें, जिस प्रकार स्वयं के निर्माण कार्यों की निगरानी करते हैं, इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील भी की।
समस्याओं के निराकरण के लिए ऐसे जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे : कलेक्टर
कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने शिविर में आम लोगों की समस्याओं का निराकरण करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीण अपनी समस्यायें प्रशासन तक नहीं पहुंचा पाते, इसलिए उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए ऐसे जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंच कर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कर रही है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में मुख्यतः छात्रावास, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं भवन निर्माण से संबंधित मांगें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें शासन स्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पोरोण्डी में वृहद पुल निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, इसके लिए शासन द्वारा लगभग 895 लाख 62 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है, आगामी मार्च महीने से इस पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पोरोण्डी में पुल के बन जाने से क्षेत्र के लगभग 20 से 25 गांव के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि टेमरूपानी से कोदागांव सड़क निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है तथा चारगांव में अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की पहल भी की जा रही है। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर के सभी निर्माण कार्यों के लिए ग्राम पंचायतों को एजेंसी बनाया जाता है तथा इन कार्यों की स्वीकृति सांसद, विधायक सहित जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा से मिलती है। इसलिए ऐसे सभी कार्य ग्राम पंचायत के माध्यम से ही कराए जाए, किस ठेकेदार के माध्यम से नहीं, इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।
ग्रामीणजन अपनी समस्या, मांग से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें : हरेश मण्डावी (जिला पंचायत CEO)
जिला पंचायत के सीईओ हरेश मण्डावी ने जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित है। ग्रामीणजन अपनी समस्या, मांग से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें। व्यक्तिगत मांग जैसे-राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास इत्यादि से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं। प्राथमिकता के आधार पर उनका निरारण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निरारण पात्रतानुसार सुनिश्चित किया जाए।
जनसमस्या निवारण शिविर में सांसद नाग द्वारा ग्राम सुरेवाही निवासी रायसिं दुग्गा को प्रोटिनयुक्त आहार (फुडबॉक्स) प्रदाय किया गया तथा ग्राम नवागावड़े गांव के मंशाराम तथा ग्राम धुमर के सुद्धूराम और झाडूराम को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपा गया एवं सुरेवाही के राजोन्तीन बाई, गांडोराम, मोहन लाल तथा बृजलाल को समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण प्रदाय किया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत जिले के 11 हजार बालिकाओं का बैंक खाता खुलवाने का लक्ष्य रखा गया है। जनसमस्या निवारण शिविर को जनपद अध्यक्ष अंतागढ़ मनोरमा मण्डावी एवं ग्राम पंचायत के सरपंच श्रवण दुग्गा ने भी संबोधित किया। शिविर में नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष राधेलाल नाग, जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष कुबल भुसाखरे, क्षेत्र के जनपद सदस्य, सरपंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
