पॉवर क्रिकेट क्लब, लोहत्तर ने किया सम्मान समारोह का आयोजन
लोहत्तर। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने प्रतिवर्ष की भॉंति पॉवर क्रिकेट क्लब, लोहत्तर द्वारा वर्ष 2026 का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में चयनित छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। इसके साथ ही 10वीं एवं 12वीं बोर्ड कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः ₹10,000, ₹5,000 एवं ₹3,000 की सम्मान राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के मार्ग में गरीबी कोई बाधा नहीं है। शासन की विभिन्न योजनाओं और समाज के सहयोग से प्रत्येक विद्यार्थी आगे बढ़ सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई में रुचि लें, प्रतिदिन उनके साथ समय बिताएँ और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि सहायक संचालक एस.पी. कोसरे ने पॉवर क्रिकेट क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि क्लब खेलों के साथ-साथ शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने भविष्य में क्लब की गतिविधियों का विस्तार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का सुझाव दिया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी विप्लव डे ने विद्यार्थियों को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास ही उत्कृष्ट परिणाम की कुंजी हैं। वरिष्ठ व्याख्याता ललित नरेटी ने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पॉवर क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष प्रोफेसर रितेश कुमार नाग ने घोषणा की कि बोर्ड परीक्षा में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लोहत्तर विद्यालय के विद्यार्थी को क्लब की ओर से हवाई यात्रा का विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उनकी इस घोषणा का उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
इस अवसर पर लोहत्तर थाना प्रभारी रमेश जायसवाल, प्राचार्य सुशील कुमार साहू तथा ग्राम पंचायत लोहत्तर की सरपंच बसंती भालेश्वर ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
कार्यक्रम में शाला विकास समिति के अध्यक्ष गणेशिया कचलाम, उपाध्यक्ष तेजप्रताप आमले, वरिष्ठ व्याख्याता एस.एस. नेगी, प्रधानपाठक रमेश सोंगेड, विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन नीरज कोसमा ने किया तथा प्रवीण दुग्गा ने आभार व्यक्त किया। समारोह को सफल बनाने में दिनेश ठाकुर, डुजान ठाकुर, फूलचंद बढ़ाई, सोनू, सुभाष गढ़िया, अजीत नायक, नवदीप,नरेश,मुकेश कोमरा, रविन्द्र भालेश्वर एवं नंदू औरसा का विशेष योगदान रहा।
