अनिल कुमार नेताम (पत्रकार)
हाटकोंदल। ग्राम हाटकोंदल में चंचल क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सावित्री मनोज मंडावी जी शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास की एक महत्वपूर्ण सौगात देते हुए ₹5 लाख की लागत से निर्मित महिला भवन का लोकार्पण कर इसे महिलाओं को समर्पित किया।
विधायक मंडावी ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आपसी सहयोग, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विधायक ने महिला भवन की सौगात को गांव की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि महिला भवन के निर्माण से महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। इससे महिला समूहों की बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।इस अवसर पर प्रमुख रूप से सरपंच हरीशा मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष आनंद तेता, ग्राम गायता कंवल सिंह दर्रो, शोपसिग आंचला पूर्व अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी दुर्गूकोंदल, ग्राम पटेल गैंद सिंह ठाकुर,कमल सिंह कोसमा, कंगाल सिंह हिड़को,श्याम सिंह ठाकुर, श्याम सिंह उसेण्डी, दुर्गेश देवांगन, इन्द्रजीत परचापी, ज्ञानसिंह उसेण्डी, विश्राम टांडिया,सोनू नांदे, सियाराम दर्रो, सोमदेव कोरेटी,सरिता कोर्राम,नरसो नरेटी,मंगली मंडावी, गायत्री ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
