छत्तीसगढ़ कोसरिया गांडा गंधर्व समाज भानुप्रतापपुर ने ग्राम पंचायत कराठी में निर्माणाधीन सामाजिक भवन के कार्य को अधूरा छोड़ने तथा वित्तीय अनियमितता की आशंका को लेकर सीईओ जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
समाज के द्वारा सौंपे गए पत्र के अनुसार, विगत वर्ष 2021-22 में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के भानुप्रतापपुर आगमन के दौरान कोसरिया गांडा गंधर्व समाज के सामाजिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस स्वीकृति के उपरांत प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत कराठी को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया था। समाज का गंभीर आरोप है कि निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत कराठी द्वारा आज पर्यन्त (जुलाई 2026) तक सामाजिक भवन का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया गया है और कार्य को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है। समाज को विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत द्वारा इस निर्माणाधीन कार्य का अब तक हो चुके आधे-अधूरे कार्य का मूल्यांकन कराकर पूरी राशि का आहरण भी किया जा चुका है, जबकि धरातल पर भवन का निर्माण कार्य अभी तक अपूर्ण है।
तीन दिवस का अल्टीमेटम, अन्यथा उच्च कार्यालय में शिकायत की चेतावनी
कोसरिया गांडा गंधर्व समाज ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से विनम्र आग्रह किया है कि उक्त अधूरे पड़े निर्माण कार्य को गंभीरता से लेते हुए तीन दिवस के भीतर पुनः प्रारंभ कराकर पूर्ण कराया जाए। समाज के अध्यक्ष रवि कुलदीप ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया जाता है, तो समाज द्वारा इसकी शिकायत उच्च कार्यालयों व वरिष्ठ अधिकारियों से की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालो में अध्यक्ष रवि कुलदीप, मोंटी कुलदीप, नारद चालकी, प्रदीप बघेल, राजू कुलदीप आदि शामिल थे।
