वन विभाग की भूमिका पर उठे सवाल, ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी रोष
कांकेर भानबेड़ा / कोरर। कोरर वन विभाग क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भानबेड़ा में इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। लेकिन इस निर्माण कार्य की आड़ में सड़क किनारे लगे वर्षों पुराने और हरे-भरे विशालकाय पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। चौड़ीकरण के दौरान कई बड़े पेड़ों को जड़ से उखाड़कर धराशायी कर दिया गया है, जिससे वन संपदा और स्थानीय पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है।
विकास की आड़ में उजड़ रही हरियाली
सड़क चौड़ीकरण के दौरान पेड़ों को बचाने के बजाय उन्हें जड़ से उखाड़ा जा रहा है। जो पेड़ कभी राहगीरों को छाया देते थे और पक्षियों का ठिकाना थे, वे अब धराशायी होकर जमीन पर पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन इसके लिए हरे-भरे पेड़ों को इस तरह नष्ट करना सही नहीं है। निर्माण कार्य में लगे लोगों पर पेड़ों को बिना सोचे-समझे गिराने का आरोप लग रहा है।
पर्यावरण प्रेमियों और ग्रामीणों में बढ़ रहा रोष
वन विभाग के परिक्षेत्र में इस तरह बड़े पैमाने पर पेड़ों को उखाड़े जाने से ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ये पेड़ दशकों पुराने हैं और इन्हें लगाने और बड़ा करने में कई वर्ष लगे हैं। इन्हें एक दिन में गिरा देना पर्यावरण के साथ अन्याय है। गांव के लोगों ने इस मामले को लेकर चिंता जताई है और जिम्मेदार लोगों से जवाब की मांग की है।
एक ओर पौधारोपण का संदेश, दूसरी ओर पेड़ों की बलि
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार एक पेड़ मां के नाम और पौधारोपण के जरिए पर्यावरण बचाने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर कोरर वन क्षेत्र के भानबेड़ा में विकास के नाम पर दशकों पुराने पेड़ों की बलि दी जा रही है। सरकार और विभाग की ओर से पौधारोपण के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उल्टा दिखाई दे रही है। इससे लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि जब पुराने पेड़ ही नहीं बचेंगे तो नए पौधे लगाने का संदेश किस काम का।
वन संपदा को हो रही गंभीर क्षति
पेड़ों के गिरने से केवल हरियाली ही नहीं, बल्कि वन संपदा को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है। पेड़ों के उखड़ने से मिट्टी का कटाव बढ़ेगा, तापमान में वृद्धि होगी और वर्षा पर भी असर पड़ेगा। पक्षियों और अन्य जीवों का प्राकृतिक ठिकाना भी खत्म हो रहा है। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना बहुत जरूरी है। यदि इसी तरह पेड़ काटे जाते रहे तो आने वाले समय में इसका खामियाजा सभी को भुगतना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने की सघन पौधारोपण और सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों को अनावश्यक रूप से नुकसान न पहुंचाया जाए, और काटे या उखाड़े गए पेड़ों के एवज में नियमानुसार सघन पौधारोपण कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पेड़ बचाए जा सकते हैं, वहां उन्हें बचाया जाए और जहां पेड़ गिराना ही जरूरी हो, वहां पहले से तय नियमों का पालन किया जाए। लोगों ने इस पूरे मामले की जांच और पेड़ों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
