अनिल कुमार नेताम (पत्रकार)
कांकेर। छत्तीसगढ़ में 207 शासकीय विद्यालयों को 30 वर्षों के लिए पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर संचालित करने के प्रस्ताव को लेकर जनपद पंचायत दुर्गुकोंदल के उपाध्यक्ष आनंद तेता ने राज्य सरकार की शिक्षा नीति पर सवाल उठाए हैं।
12 नवंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पीपीपी मूल्यांकन समिति की बैठक में इस प्रस्ताव की समीक्षा का उल्लेख सामने आया है। प्रस्ताव के अनुसार, इसमें 103 प्राथमिक और 104 पूर्व माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।
आनंद तेता ने कहा कि सरकारी स्कूल गरीब, किसान, मजदूर और आदिवासी परिवारों के बच्चों की शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर सरकारी विद्यालयों को 30 वर्षों के लिए पीपीपी मॉडल पर संचालित करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? क्या सरकार स्वयं सरकारी स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक, बेहतर भवन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं है?
उन्होंने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव की पूरी जानकारी सार्वजनिक करे। निजी संस्थाओं को संचालन की जिम्मेदारी देने की शर्तें क्या होंगी, विद्यार्थियों की फीस कौन तय करेगा, गरीब एवं आदिवासी बच्चों की निःशुल्क शिक्षा कैसे सुनिश्चित होगी तथा शिक्षकों के रोजगार और सेवा शर्तों की सुरक्षा कैसे होगी—इन सभी सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए।
आनंद तेता ने मांग की कि किसी भी अंतिम निर्णय से पहले अभिभावकों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और प्रभावित समुदायों से चर्चा की जाए। सरकार यह भी स्पष्ट करे कि इन विद्यालयों के संचालन, निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था क्या होगी।
उन्होंने कहा, “सरकारी स्कूलों को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है। शिक्षा सुधार के नाम पर ऐसा कोई निर्णय नहीं होना चाहिए, जिससे गरीब और आदिवासी बच्चों की शिक्षा तक पहुंच प्रभावित हो। सरकार पहले यह बताए कि बच्चों के भविष्य और समान शिक्षा के अधिकार की रक्षा कैसे की जाएगी।”
“शिक्षा अधिकार है, व्यापार का साधन नहीं। सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि शिक्षा सुधार के नाम पर गरीब और आदिवासी बच्चों के अवसर सीमित न हों।”
