अनिल कुमार नेताम (पत्रकार)
अनिश्चितकालीन हड़ताल पर प्रशासन की कड़ी कार्रवाई, ब्रेक इन सर्विस की कार्यवाही भी जारी
मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में पटवारियों द्वारा 13 अक्टूबर 2026 से की जा रही अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासकीय कार्यों में बाधा एवं आम नागरिकों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर तनुजा सलाम के निर्देशानुसार हड़ताली पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कुल 58 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें से 51 पटवारी हड़ताल पर गए हैं। तहसीलवार स्थिति के अनुसार अंबागढ़ चौकी में 20 में से 18, मोहला में 16 में से 14, मानपुर में 12 में से 11, खड़गांव में 4 में से 4 तथा औंधी में 6 में से 4 पटवारी हड़ताल पर हैं। प्रशासन द्वारा हड़ताल में शामिल सभी 51 पटवारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। वहीं, अब तक 3 पटवारियों को निलंबित किया गया है तथा 10 पटवारियों का स्थानांतरण किया गया है। इसके साथ ही संबंधित पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक इन सर्विस की कार्यवाही भी जारी है।
