कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल तहसील में चल रहे अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अब ग्रामीणों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। प्रशासन द्वारा बार-बार की गई शिकायतों पर ध्यान न देने के विरोध में ग्रामीणों ने अब उग्र आंदोलन का रुख अख्तियार किया है।
क्या है पूरा मामला?
शोपसिंह आंचला ने बताया कि क्षेत्रवासियों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)भानुप्रतापपुर को प्रेषित पत्र के अनुसार, ग्राम डंडई खेड़ा में लंबे समय से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। इसके विरुद्ध पूर्व में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की चुप्पी के कारण रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 05 मार्च 2026 तक इस मामले में कोई उचित वैधानिक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो 06 मार्च 2026 से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से बीचपारा चौक, सोनादई में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
हमने कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन हमारी सुनवाई नहीं हो रही है। अब धरना ही एकमात्र रास्ता बचा है। : क्षेत्रवासी
