जिला पंचायत सीईओ ने माटवाडामोदी में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में आज रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का एकीकृत आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देना, रोजगार के अवसर बढ़ाना एवं समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी ने विकासखंड कांकेर की ग्राम पंचायत माटवाडामोदी में पहुँचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने मनरेगा योजनांतर्गत आजीविका डबरी निर्माण पर विशेष जोर देते हुए बताया कि डबरी के साथ मत्स्य पालन एवं सब्जी उत्पादन जैसी मल्टी-लेवल फार्मिंग को जोड़कर मनरेगा को केवल मजदूरी तक सीमित न रखकर स्थायी आय का सशक्त माध्यम बनाया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण महिलाओं को मुर्गी पालन एवं बकरी पालन जैसी आजीविका गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया।
आवास दिवस के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई एवं शीघ्र आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान निर्माण से संबंधित तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्रामीणों को पात्रता सूची, अगली किश्त की स्थिति एवं निर्माण संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी भी दी गई।
जिला सीईओ श्री मंडावी द्वारा पंचायत में योजनांतर्गत निर्मित आवासों एवं आजीविका डबरी का निरीक्षण किया गया। रोजगार दिवस के दौरान पंचायतों में स्थापित क्यूआर कोड को भी अपडेट किया गया, जिससे अब ग्रामीण मोबाइल स्कैन कर स्वीकृत राशि, व्यय एवं कार्यों की तिथि की जानकारी स्वयं प्राप्त कर सकेंगे। आयोजन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
